जनता दरबार में आयुक्त सुनेंगे समस्याएं
पौड़ी गढ़वाल, 30 अगस्त (हि.स.)। जनता की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर सोमवार को आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला कार्यालय सभागार, पौड़ी में आयोजित होने वाले जनता दरबार में जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी। आयुक्त गढ़वाल ने बताया कि जनता दर्शन में क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रख सकेंगे। विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुनने के साथ ही उनके निस्तारण के लिए संबंधित अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि जनसमस्याओं का केवल संज्ञान ही न लिया जाए, बल्कि उनके समाधान की प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाए। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं उच्च अधिकारियों के समक्ष सीधे रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही विभागीय अफसरों की जवाबदेही तय करते हुए लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण पर भी जोर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह