उत्तरकाशी में शिक्षक और एनसीसी अधिकारी पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप,पॉक्सो में केस दर्ज

 


उत्तरकाशी, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी ब्लॉक के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक और एनसीसी अधिकारी पर छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को विद्यालय से हटाकर बीईओ कार्यालय डुंडा में अटैच कर दिया है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि विद्यालय में एनसीसी की मंगलवार को नियमित कक्षा चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान एक शिक्षक ने छात्रा से कहा कि एनसीसी अधिकारी उसे बुला रहे हैं और उसे अपने साथ एनसीसी कक्ष में ले गया। छात्रा की शिकायत के अनुसार, कमरे में शिक्षक और एनसीसी अधिकारी ने उसके साथ अश्लील बातचीत की और छेड़छाड़ की।

छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर अपनी कक्षा में पहुंची। घटना से मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने घर पहुंचकर पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद बुधवार को छात्रा के पिता ने मनेरी थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। छात्रा के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा घटनास्थल और विद्यालय से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय के अन्य कर्मचारियों और छात्रों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को परिजन और स्थानीय जनप्रतिनिधि जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बीईओ भटवाड़ी हर्षा रावत ने बताया कि शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप लगने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटाकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय डुंडा में अटैच कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय