कांवड़ मेले में मिलावट पर सख्ती, मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से मौके पर हो रही खाद्य पदार्थों की जांच
पौड़ी गढ़वाल, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रावण कांवड़ मेले में नीलकंठ महादेव धाम पहुंच रहे लाखों शिवभक्तों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में देहरादून से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब को लक्ष्मणझूला के जानकी पुल के पास तैनात किया गया है, जहां खाद्य पदार्थों की निःशुल्क और त्वरित जांच की जा रही है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग और नीलकंठ क्षेत्र के स्थायी व अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। मोबाइल लैब में दूध, पनीर, मिठाई, खाद्य तेल, दाल, चावल, मसाले और पेय पदार्थों समेत विभिन्न खाद्य सामग्री की वैज्ञानिक जांच मौके पर ही की जा रही है, जिससे मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं का तत्काल पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले खाद्य पदार्थों के मामलों में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने और साफ-सुथरे वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार व विक्रय करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में लैब एनालिस्ट जितेंद्र भंडारी खाद्य नमूनों की जांच कर रहे हैं, जबकि सीनियर फूड सेफ्टी ऑफिसर सारधा शर्मा पूरे अभियान की निगरानी कर रही हैं। विभाग ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जानकी पुल के समीप स्थापित मोबाइल लैब में अपनी खाद्य सामग्री की निःशुल्क जांच कराकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह