पौड़ी कोएनसीसी एकेडमी की सौगात, जल्द बनेगी बहुमंजिला पार्किंग : विधायक

 


पौड़ी गढ़वाल, 23 जुलाई (हि.स.)। गुरुवार को विधायक राजकुमार पोरी ने पत्रकार वार्ता में विधानसभा में हो रहे विकास कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी।

गुरुवार को विधायक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी शहर को पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए पिछले लंबे समय से प्रयास किए जा रहे है। इसी कड़ी में पावर हाउस के पास जल्द ही 35 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर लोनिवि निर्माण खंड ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। कहा कि इस पार्किंग के बन जाने से शहर में खड़े वाहनों को पर्याप्त पार्किंग मिल सकेगी। विधायक ने कहा कि देवार गांव में 50 करोड़ की लागत से बनने वाली एनएससी एकेडमी के लिए पहले चरण के तहत 1 करोड़ की राशि जारी कर दी गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां एनएसएसी एकेडमी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

कहा कि यहां एनसीसी एकेडमी बनने से स्वरोजगार के साथ ही पर्यटन, धार्मिक क्षेत्रों को पहचान मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भी भाजपा भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस मौके पर संस्कृति विभाग के सदस्य राकेश नौड़ियाल, भुवन डोभाल आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह