प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन विधायक शाह ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
नई टिहरी, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और राजनीतिक जीवन में उनके 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह ने मेधावी छात्रों का सम्मान कर उन्हें देश सेवा में जुटने का आह्वान किया।
गुरुवार को भिलंगना ब्लॉक के जीआईसी केमरा-केमर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक शक्ति लाल शाह ने पीएम मोदी के नेतृत्व में सशक्त भारत की रूपरेखा बताकर 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में युवा पीढ़ी के योगदान की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि युवा ही भारत का भविष्य हैं। बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 108 ऐसे मेधावियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। विधायक ने प्रत्येक विद्यार्थी को एक-एक बैग, पानी की बोतल, टिफिन, डायरी, पेन और जीके की किताब शामिल है।
नगर पंचायत चमियाला के अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा, घनसाली के अध्यक्ष आंनद बिष्ट ने कहा कि पीएम मोदी ने 2014 से भारत की तस्वीर बदल कर रख दी है। आज भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। विधायक ने सभी बच्चों को नशा मुक्त की शपथ दिलाते हुए घर और गांव में नशे का विरोध करने की अपील की।
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इंदू डंगवाल, केदार सिंह बर्त्वाल, विजयराज मियां, मंडल अध्यक्ष अनूप बिष्ट, अजीत नेगी, सितवा देवी, मीनाक्षी, सरोजिनी सजवाण आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी