खेल महाकुंभ में विधायक चैंपियनशिप का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 


हरिद्वार, 23 सितंबर (हि.स.)। खेल महाकुंभ-2026 के तहत विधानसभा हरिद्वार की विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का बुधवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के दयानंद स्टेडियम में आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट, वालीबॉल और पिट्ठू समेत कई खेलों में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। 100 मीटर बालिका वर्ग में मुस्कान ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राधिका दूसरे और मान्यता तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, 3000 मीटर बालिका दौड़ में अपर्णा यादव ने बाजी मारी। मुस्कान ने दूसरा और संजीवनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वालीबॉल बालक वर्ग में महर्षि विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान हासिल कर दबदबा बनाया। श्री गुरु राम राय स्कूल दूसरे और आरआर स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। खो-खो में सरस्वती विद्या मंदिर मायापुर ने पहला स्थान हासिल किया। सरस्वती विद्या मंदिर सेक्टर-2 दूसरे और धूम सिंह मेमोरियल स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। अतिथियों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, जिला युवा कल्याण अधिकारी मुकेश भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सोनू कुमार समेत खेल प्रशिक्षक, शिक्षक और पीआरडी स्टाफ मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला