रानीपुर में सीवरेज-पेयजल योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल से जुड़ी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। विधायक आदेश चौहान ने अनुरक्षण शाखा (गंगा) और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर संचालित, प्रस्तावित और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं करने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में केएफडब्ल्यू योजना के दूसरे चरण के तहत जगजीतपुर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज कार्य की समीक्षा की गई। विधायक ने जिन क्षेत्रों में अभी सीवर लाइन बिछाने का काम शेष है, वहां जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन स्थानों पर सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है, वहां सड़क कटिंग को तत्काल दुरुस्त कर सड़कों को पूर्व स्थिति में लाने को कहा।
केएफडब्ल्यू योजना के तीसरे चरण के तहत सीतापुर और हरिलोक-राजलोक क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाई जानी है। अधिकारियों ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विधायक ने इसी माह कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द सीवरेज सुविधा का लाभ मिल सके।
करीब 180 करोड़ रुपये की केएफडब्ल्यू योजना के चौथे चरण पर भी विशेष चर्चा हुई। इसके तहत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित क्षेत्र, शिवालिकनगर और आसपास की कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने तथा सीवरेज पंपिंग स्टेशन के निर्माण सहित विभिन्न कार्य प्रस्तावित हैं। विधायक ने योजना की अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और आवश्यक रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, शिवालिकनगर, रामधाम, देवनगर, कृपाल नगर, नवोदय नगर और केशव नगर क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित करीब 125 करोड़ रुपये की जायका पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और सर्वेक्षण पूरा हो चुका है तथा परियोजना प्रबंधन सलाहकार को कार्य सौंपा गया है। विधायक ने शासन से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त कर जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सीवरेज और पेयजल से जुड़ी इन महत्वपूर्ण योजनाओं के पूरा होने से रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और शहरी विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में न हो। प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर लंबित स्वीकृतियां प्राप्त की जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ जनता को जल्द से जल्द मिल सके।
बैठक में विभागीय अधिकारियों के अलावा पार्षद नागेंद्र राणा, लक्की वालिया, हरविंद्र सिंह विक्की और वरिष्ठ भाजपा नेता अजय बबली मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला