रानीपुर विधानसभा को 4.71 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए राज्य योजना के अंतर्गत लगभग 4.71 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। क्षेत्रीय विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर सरकार द्वारा इन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों के तहत शिवालिकनगर नगरपालिका, नगर निगम हरिद्वार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, डामरीकरण, इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।
स्वीकृत परियोजनाओं में नगरपालिका शिवालिकनगर की टिहरी विस्थापित कॉलोनी सेक्टर-3 में लगभग 98 लाख की लागत से करीब तीन किलोमीटर आंतरिक गलियों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। वहीं एस क्लस्टर शिवालिकनगर में लगभग 85 लाख की लागत से चार किलोमीटर आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स डामरीकरण कराया जाएगा।
नगर निगम हरिद्वार के सीतापुर क्षेत्र में लगभग 95 लाख की लागत से एक किलोमीटर लंबी नाली और इंटरलॉकिंग टाइल्स युक्त आंतरिक सड़कों का निर्माण होगा। इसके अलावा सलेमपुर क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में लगभग 93 लाख की लागत से नाली एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा। कृष्णा विहार कॉलोनी (डैन्सो चौक) में भी लगभग 98 लाख की लागत से आंतरिक सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
विधायक आदेश चौहान ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, जल निकासी और स्वच्छ वातावरण जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला