बल्दियाखान के जंगलों में लापता युवक सकुशल बरामद

 


नैनीताल, 01 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी से नैनीताल आते समय एक युवक ज्योलीकोट क्षेत्र में लापता हो गया था। उसे पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बल्दियाखान के जंगलों में चलाए गए सघन खोज अभियान के बाद सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद युवक को अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

आपदा नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार युवक हल्द्वानी से नैनीताल आ रहे एक वाहन से ज्योलीकोट चौकी क्षेत्र में उतरने के बाद वापस नहीं लौटा था। उसके जंगल अथवा खाई की ओर चले जाने की आशंका पर स्थानीय पुलिस ने खोज अभियान शुरू किया और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की सहायता मांगी। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की नैनीताल पोस्ट के प्रभारी उप निरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची।

स्थानीय पुलिस, वन विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल ने बल्दियाखान के दुर्गम वन क्षेत्र में संयुक्त खोज अभियान चलाया। इस पर 21 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र हरीश राम निवासी ग्राम सूरे, जनपद अल्मोड़ा को सड़क के समीप ही सकुशल मिल गया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के लिए उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी