चार दिन से लापता युवक का शव मिला
नई टिहरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। टिहरी जिले के छाम थाना क्षेत्र में नगुण-सुवाखोली मोटरमार्ग पर विकोल के पास शनिवार को चार दिन से लापता चल रहे 30 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विपिन (30) पुत्र रामदास, निवासी नागणी, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक विपिन 29 सितंबर की दोपहर बाद एक दोस्त के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने दो अक्टूबर को धरासू थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस उपनिरीक्षक दीपक रावत ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को छाम थाना क्षेत्र के नगुण-सुवाखोली मोटरमार्ग पर विकोल के पास सड़क किनारे युवक का शव मिला। सूचना पर छाम और धरासू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों समेत अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी