पंजाब से बिछड़ी 15 वर्षीय बालिका को हरिद्वार पुलिस ने परिजनों से मिलाया

 


हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए पंजाब से बिछड़ी 15 वर्षीय बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

19 नवंबर को दरगाह क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई मिली थी। पुलिस उसे थाने लाई और महिला डेस्क पर बाल कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में पूछताछ की।

बालिका ने अपना नाम और लुधियाना का निवासी होना बताया, लेकिन घर का पूरा पता नहीं बता पा रही थी।

पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बालिका को महिला डेस्क में रखा और लुधियाना पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से उसके बताए पते की तस्दीक की। जांच में पता चला कि बालिका थाना हैबोवाल क्षेत्र की निवासी है। इसके बाद स्थानीय थाने से परिजनों का नंबर प्राप्त कर उनसे बात कराई गई और थाने बुलाया गया।

20 नवंबर को पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर बालिका को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। बेटी को सही-सलामत पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।

इस सराहनीय कार्य में हे. कां. सोनू चौधरी, हे. कां. रविंद्र बालियान और कांस्टेबल सोफिया शामिल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला