'मिस उत्तराखंड-2026' का फर्स्ट लुक रिवील, 35 फाइनलिस्ट पहली बार मंच पर आईं
देहरादून, 24 जुलाई (हि.स.)।सिनमिट कम्युनिकेशन्स ने शुक्रवार को देहरादून के सेंट्रियो मॉल स्थित स्काई डेक में प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट 'मिस उत्तराखंड-2026' का फर्स्ट लुक रिवील किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 35 फाइनलिस्ट पहली बार एक साथ मंच पर उतरीं और मीडिया के समक्ष अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व का परिचय दिया।
आयोजकों के अनुसार, सभी प्रतिभागियों ने मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिससे इस वर्ष प्रतियोगिता के अधिक प्रतिस्पर्धी और आकर्षक होने के संकेत मिले।
इस अवसर पर सिनमिट कम्युनिकेशन्स के डायरेक्टर्स दलीप सिंधी एवं राजीव मित्तल ने बताया कि 35 प्रतिभागियों का चयन प्रदेशभर से मिली उत्कृष्ट प्रतिभाओं में से किया गया है। अब सभी फाइनलिस्ट्स को ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, रैंप वॉक, कम्युनिकेशन स्किल्स और विभिन्न सब-टाइटल राउंड्स के माध्यम से तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मिस उत्तराखंड केवल एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्रतिभाशाली युवतियों को आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और अपने सपनों को नई उड़ान देने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में सभी 35 फाइनलिस्ट्स विभिन्न चरणों से गुजरते हुए 'मिस उत्तराखंड 2026' के प्रतिष्ठित ताज के लिए मुकाबला करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने भी उत्साह को साझा करते हुए कहा कि फर्स्ट लुक रिवील उनके लिए बेहद यादगार पल है और अब उनका पूरा ध्यान ग्रैंड फिनाले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर रहेगा।
इस मौके पर प्रोडक्शन हेड राहुल छाबड़ा, कोऑर्डिनेटर हिमानी रावत, अनन्या भंडारी, कोरियोग्राफर जैज पुष्कर सोनी तथा स्टाइलिस्ट प्रियादिति सिंधी, न्यू ईरा के राज कौशिक आदि ने विशेष सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल