पुलिस-बदमाशों के बीच दौड़भाग, टायर में गोली लगने से रुकी कार, एक गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। गंगनहर कोतवाली रुड़की क्षेत्र के बीएसएम तिराहे पर गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच पीछा करने का घटनाक्रम सामने आया। पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो कार सवारों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पीछा कर रही पुलिस ने कार रोकने के लिए गोली चलाई, जो उसके टायर में लगी। टायर पंक्चर होने के बाद कार रुक गई। एक आरोपित को हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणि भूषण श्रीवास्तव के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में एक संदिग्ध कार घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया और कार को रोकने के लिए फायरिंग की। गोली कार के टायर में लगने से वाहन रुक गया, जिसके बाद पुलिस ने उसमें सवार एक व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में हिरासत में लिए गए आरोपित का संबंध उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र से बताया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और कार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस फरार व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला