घर से स्कूल के लिए निकली दो नाबालिग सहेलियां पहुंच गईं कटरा

 

हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। घर से नाराज होकर बिना बताए निकलीं मंगलौर क्षेत्र की दो नाबालिग बालिकाओं को हरिद्वार पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कटरा से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की लगातार मेहनत और तकनीकी निगरानी के चलते दोनों बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। बेटियों के सकुशल मिलने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को मंगलौर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री और उसकी 16 वर्षीय सहेली 24 अगस्त को घर से स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक मंगलौर को दोनों बालिकाओं की तलाश के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने दोनों बालिकाओं की तलाश में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, दिल्ली, हरिद्वार और देहरादून सहित कई स्थानों पर बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धर्मशालाओं और ऑटो स्टैंडों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसके साथ ही मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी लगातार सुराग जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस को दोनों बालिकाओं की लोकेशन पहले चंडीगढ़ और फिर जम्मू-कश्मीर की ओर मिली। सुराग मिलते ही मंगलौर पुलिस टीम जम्मू-कश्मीर रवाना हुई और वहां लगातार तलाश एवं सत्यापन के बाद दोनों बालिकाओं को कटरा से सकुशल बरामद कर लिया।

दोनों बालिकाओं के सकुशल मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने मंगलौर पुलिस और पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए पुलिस की तत्परता और मेहनत की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला