नाबालिग रिहस्यमय परिस्थितियों में लापता
हरिद्वार, 28 मई (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रायसी चौकी अंतर्गत ग्राम महाराजपुर कलां से एक नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई है। मामले के बाद परिवार में चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम महाराजपुर कलां निवासी पप्पन ने गुरुवार को रायसी पुलिस चौकी में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री 26 मई की सुबह करीब 11 बजे घर से बाहर गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारियों समेत आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका। बेटी के अचानक गायब होने से परिवार बेहद परेशान है।
मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम को किशोरी की तलाश में लगाया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला