सामाजिक न्याय के संकल्प को जमीन पर उतार रही भाजपा सरकार : खजान दास
-छात्रवृत्ति, स्वरोजगार और आर्थिक सहायता से वंचित वर्गों का सशक्तीकरण,कांग्रेस के पास केवल आरोप: समाज कल्याण मंत्री
देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि भाजपा सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, आवास और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में ठोस काम कर रही है। सरकार का विकास मॉडल समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल भाषणों से नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने से सुनिश्चित होता है।
रविवार को सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए मंत्री खजान दास ने कहा कि अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में वृद्धि, एससी-एसटी परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की सहायता और विद्यार्थियों के लिए तीन नए छात्रावासों का निर्माण किया गया है। पेशेवर पाठ्यक्रमों के छात्रावास में रहने वाले अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को सालाना 13,500 रुपये और गैर-डिग्री पाठ्यक्रमों के गैर-छात्रावासी विद्यार्थियों को 2,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जनजातीय समाज की शिक्षा के लिए चार एकलव्य आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन और एक प्रस्तावित है। जनजातीय संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण के लिए 12 राज्यों की सहभागिता से जनजाति महोत्सव आयोजित किया गया। वहीं, जौनसार-बावर में 39 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं। क्षेत्र के लिए 229 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर काम किया जा रहा है। चकराता की 56 स्वीकृत परियोजनाओं में से 51 पूरी हो चुकी हैं।
मंत्री ने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत बुक्सा और राजी जनजाति के 13,573 परिवार चिह्नित किए गए हैं। प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन के तहत 12 वन धन केंद्रों के माध्यम से आजीविका को मजबूत किया जा रहा है। जनजातीय समाज की भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए विद्यालयों में जौनसारी भाषा की पढ़ाई तथा बुक्सा एवं राजी जनजातियों के लिए आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति दी जा रही है। वर्ष 2023-24 में 4,739 विद्यार्थियों को 5.69 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। पीएम यशस्वी योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को पेशेवर डिग्री और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए सालाना 20 हजार रुपये तथा अन्य पात्र पेशेवर पाठ्यक्रमों के लिए 13 हजार रुपये की सहायता निर्धारित की गई है।
खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में एससी, एसटी और ओबीसी उद्यमियों की परियोजना लागत में हिस्सेदारी पांच प्रतिशत रखी गई है। छोटे खाद्य प्रसंस्करण कारोबार शुरू करने या विस्तार के लिए ओबीसी के 101 लाभार्थियों के ऋण भी स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों का जवाब देने के बजाय राजनीतिक आरोप लगाने का रास्ता बचा है। भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड शिक्षा, आर्थिक सहायता, स्वरोजगार और सामाजिक सम्मान के क्षेत्र में किए गए कार्यों का प्रमाण है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय