आईटीआई में छात्र संख्या बढ़ाने पर जोर, 168 प्रशिक्षकों की होगी तैनाती
देहरादून, 01 जून (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य के कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभागीय अधिकारियों को आगामी भर्ती सत्र को देखते हुए राज्य की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में छात्र संख्या बढ़ाने और युवाओं को कौशल विकास योजनाओं से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार नई पहल कर रहा है। जल्द ही 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती करने जा रहा है।
विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों के साथ प्रदेश की आईटीआई में उपलब्ध सुविधाओं, छात्र संख्या और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक छात्रों और अभिभावकों तक पहुंचाई जाए, ताकि युवा कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
मंत्री बहुगुणा ने अधिकारियों को स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों के अभिभावकों से संवाद स्थापित करने और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विभागीय योजनाओं से संबंधित होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने से अधिक संख्या में छात्र कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ सकेंगे।
बैठक में मंत्री ने बताया कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कंपनी के सहयोग से स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन आगामी 16 जून को किया जाएगा। वहीं, टाटा टेक्नोलॉजी को सौंपे गए 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जुलाई से शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों के लिए आवश्यक मशीनरी और प्रशिक्षकों की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 32 आईटीआई ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (डीएसटी) मॉडल पर संचालित हो रहे हैं, जहां छात्र छह माह संस्थान और छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 45 की जाएगी,जिससे उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किया जा सके। मंत्री ने यह भी बताया कि प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए विभाग जल्द ही 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती करने जा रहा है। इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
बैठक में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के निदेशक संजय कुमार, संयुक्त निदेशक मनमोहन कुड़ियाल, उपनिदेशक शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय