राजकीय महाविद्यालयों में होंगे प्रवेशोत्सव, छात्रों को एनसीसी-एनएसएस से जोड़ने के निर्देश

 


देहरादून, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के सभी राजकीय महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर प्रवेशोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इसमें नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया जाएगा। साथ ही मानक पूरे करने वाले महाविद्यालयों में एनसीसी, एनएसएस और रोवर रेंजर्स की इकाइयां स्थापित की जाएंगी। उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने सोमवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसके निर्देश दिए।

अपने शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि प्रवेशोत्सव के माध्यम से नए विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति विश्वास और सकारात्मक माहौल तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को एनसीसी, एनएसएस और रोवर रेंजर्स जैसी गतिविधियों से जोड़कर उनमें अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

उच्च शिक्षा मंत्री ने सभी राजकीय महाविद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय स्तर पर नशा मुक्ति से संबंधित कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखा जा सके। इसके अलावा विकसित भारत-2047 की थीम पर विभिन्न विषयों को लेकर गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।

बैठक में डॉ.रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के पाबौं, खिर्सू, थलीसैंण, मजरा महादेव, उफरैंखाल और व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी समेत आधा दर्जन राजकीय महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान भवन निर्माण, शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, फर्नीचर, बिजली, पेयजल और खेल मैदान जैसी सुविधाओं की जानकारी ली गई।

मंत्री ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित छात्रावासों में इसी शैक्षणिक सत्र से छात्र-छात्राओं के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

डॉ. रावत ने सभी राजकीय महाविद्यालयों के नए भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही महाविद्यालयों में शौर्य दीवार,मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की मूर्तियां स्थापित करने को भी कहा।

बैठक में अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, निदेशक उच्च शिक्षा वीएन खाली, संयुक्त सचिव प्रदीप नौटियाल, संयुक्त निदेशक संगीता गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी और विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय