'सेवा सप्ताह' के तहत आयोजित मिनी-मैराथन में सचिन और दिव्या बने विजेता

 


रुद्रप्रयाग, 04 जुलाई (हि.स.)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण के तहत मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के अवसर पर शनिवार को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में बालक एवं बालिका वर्ग की मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक वर्ग में सचिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में दिव्या विजेता रहीं। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह रावत ने बताया कि बालक वर्ग की ओपन श्रेणी की तीन किलोमीटर मिनी मैराथन अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर सिल्ली बाजार तक आयोजित की गई। वहीं बालिका वर्ग की 1.5 किलोमीटर दौड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि से शुरू होकर सौरगढ़ पुल तक गई और वहीं से वापस स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं के बीच सफलतापूर्वक कराया गया।

उन्होंने बताया कि बालक वर्ग में सचिन पुत्र बीरबल सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद दिव्यांशु, अभिजीत, आयुष, रोहित और प्रियांशु ने क्रमशः दूसरा से छठा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में दिव्या पुत्री मनोज सिंह प्रथम रहीं, जबकि शिवानी, माधुरी, सिया, आरूषी और साक्षी ने क्रमशः दूसरा से छठा स्थान प्राप्त कर पुरस्कार हासिल किए।

प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित प्रतिभागियों और खेल प्रेमियों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, सहायक प्रशिक्षक (एथलेटिक्स) मनोज चौहान, मनवर सिंह, दीपक रावत, अजीत सिंह, रूचि भारती सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल