96 युवाओं ने दिया साक्षात्कार, 9 का रोजगार के लिए चयन
हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से बुधवार को जगजीतपुर स्थित कार्यालय परिसर में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में सिडकुल हरिद्वार की छह कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर युवाओं के साक्षात्कार लिए।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में रोजगार की तलाश कर रहे करीब 96 युवाओं ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और पात्रता के आधार पर साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 38 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि नौ युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि सेवायोजन विभाग की ओर से इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन कर स्थानीय स्तर पर युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रतिष्ठानों में रोजगार के लिए आवेदन करने और साक्षात्कार देने का अवसर मिलता है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला