पौड़ी में मंडुवा समेत पहाड़ी उपज की खरीद शुरू
पौड़ी गढ़वाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में मिलेट्स मिशन के तहत बुधवार से मंडुवा समेत अन्य पहाड़ी उपज की खरीद शुरू हो गई। किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध कराने और पारंपरिक पहाड़ी खेती को प्रोत्साहित करने के लिए बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के माध्यम से 17 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। उपज की उपलब्धता और किसानों की सुविधा के अनुसार जरूरत पड़ने पर क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
इस वर्ष मंडुवा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष के 4,886 रुपये प्रति क्विंटल की तुलना में 319 रुपये अधिक है। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के माध्यम से मंडुवा, झंगोरा, दालें, तिलहन और चौलाई सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी। अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद बाजार मूल्य के आधार पर यूसीएफ हाट के माध्यम से होगी।
पिछले वर्ष जिले में 17 क्रय केंद्रों के माध्यम से 831 किसानों से 10,941 क्विंटल मंडुवा खरीदा गया था। क्रय केंद्रों पर मंडुवा उपलब्ध कराने वाले स्वयं सहायता समूहों और समूहों को कृषि विभाग की ओर से 150 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि भी दी गई थी।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सहकारिता निबंधक सुमन कुमार ने किसानों से निर्धारित क्रय केंद्रों पर अपनी उपज उपलब्ध कराने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह