प्रवासियों के अनुभव और सामर्थ्य से उत्तराखण्ड के विकास को मिलेगी नई गति : पुष्कर सिंह धामी

 




-गांवों को गोद लेकर विकास में भागीदार बनें प्रवासी उत्तराखण्डी

देहरादून, 13 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और पैतृक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का उपयोग प्रदेश के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासियों का विशेष आभार जताया।

आज दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है। सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र और संतुलित विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। राज्य सरकार अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि करेगी। कृषि एवं बागवानी को रोजगार का माध्यम बनाने के लिए एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ राज्य में बड़ी आधारभूत परियोजनाओं पर काम चल रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम किया जा रहा है। जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय दूरस्थ गांवों तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ता था, लेकिन अब सड़क सुविधाओं का विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है। इससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अब अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए गांवों की ओर लौट रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि उत्तराखण्ड वेद, पुराण, उपनिषद, संस्कृत, योग और आयुर्वेद की समृद्ध परंपराओं वाली भूमि है। राज्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की विश्व में विशिष्ट पहचान है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

विधायक विनोद चमोली ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों में घर बनाने और उनसे निरंतर जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रयासों से 44 प्रतिशत लोगों ने रिवर्स पलायन किया है। वहीं, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य का वास्तविक ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि उनके तकनीकी ज्ञान, उद्यमशीलता और निवेश से विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रवासियों से संवाद और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय