तल्लीताल-मल्लीताल व्यापार मंडलों का विलय प्रस्ताव स्थगित

 


नैनीताल, 19 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की तल्लीताल एवं मल्लीताल इकाइयों के विलय का प्रस्ताव फिलहाल दो वर्षों के लिए स्थगित कर दिया गया है और वर्तमान कार्यकारिणी यथावत कार्य करती रहेगी। तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन साह ने बताया कि दोनों इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

उल्लेखनीय है कि 20 जनवरी 2026 को मल्लीताल स्थित श्रीराम सेवक सभा सभागार में जिला अध्यक्ष विपिन गुप्ता, जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे तथा दोनों इकाइयों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में विलय कर नगर इकाई गठन का प्रस्ताव पारित किया गया था, किन्तु पुनर्विचार के बाद फिलहाल इसे टाल दिया गया है। निर्णय के अनुसार अगले दो वर्षों तक दोनों इकाइयों की वर्तमान कार्यकारिणी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए व्यापारियों के हित में कार्य करेगी, जिसके उपरांत सर्वसम्मति से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मारुति नंदन साह ने बताया कि नगर इकाई के गठन से पूर्व दोनों इकाइयों में सदस्यता अभियान पूर्ण किया जाएगा तथा उसके बाद संयुक्त बैठक में औपचारिक प्रस्ताव पारित कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। प्रांतीय अध्यक्ष नवीन वर्मा एवं जिला अध्यक्ष विपिन गुप्ता सहित पदाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद शपथ ग्रहण कार्यक्रम की तिथि पृथक से घोषित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी