राम मंदिर चंदा चोरी और हरिद्वार गंगा घाट पर डांस कार्यक्रम को लेकर जन संघर्ष मोर्चा का विरोध

 


हरिद्वार, 05 जुलाई (हि.स.)। जन संघर्ष मोर्चा की बैठक में राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण तथा हरिद्वार के गंगा घाट पर फिल्मी धुनों पर महिला डांसरों के प्रदर्शन की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक में दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गुलशन खत्री ने कहा कि पहले केदारनाथ चढ़ावा प्रकरण और अब राम मंदिर व बद्रीनाथ मंदिर से जुड़े चंदा चोरी के मामलों ने देश ही नहीं बल्कि विदेशों में बसे भारतीयों की भावनाओं को भी आहत किया है। उन्होंने कहा कि जिस राम मंदिर के निर्माण के लिए देश ने वर्षों तक संघर्ष किया, उसी मंदिर से जुड़े चंदे में गड़बड़ी के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष अनिल ठाकुर और महामंत्री एसएन शर्मा ने हरिद्वार के गंगा घाट पर मनोरंजन के नाम पर महिला डांसरों से फिल्मी गीतों पर नृत्य कराए जाने की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम मां गंगा की मर्यादा और धार्मिक आस्था के विपरीत हैं तथा प्रशासन को ऐसे आयोजनों पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए।प्रदेश प्रवक्ता राजेश बादल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गंगा घाट पर हुए इस अशोभनीय कार्यक्रम की संत समाज की ओर से भी खुलकर निंदा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ऐसे आयोजनों पर रोक नहीं लगी तो गंगा घाटों की गरिमा प्रभावित होगी।

जिलाध्यक्ष सुंदर उपाध्याय और कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने गंगा सभा, पुरोहित समाज और जिला प्रशासन से हरिद्वार के निर्धारित बायलॉज का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। युवा जिलाध्यक्ष पंडित नवनीत शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों द्वारा विरोध नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। वहीं जिला उपाध्यक्ष रणवीर शर्मा, बिजेंद्र शीर्षवाल, कुलदीप अरोड़ा, सरदार त्रिलोचन सिंह, नागेंद्र त्यागी सहित अन्य वक्ताओं ने राम मंदिर चंदा चोरी और गंगा घाट पर हुए डांस कार्यक्रम की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला