17 सितंबर से महीनेभर चलेगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान
पौड़ी गढ़वाल, 15 सितंबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा जिला कार्यालय पौड़ी में जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। पार्टी ने इस अभियान के जरिए सेवा, समर्पण और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
बैठक में तय हुआ कि 17 सितंबर को कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में आशीर्वाद का दीप जलाएंगे। वहीं शाम सात बजे डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रम मंडल स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई है।
युवा मोर्चा की ओर से पौड़ी, सतपुली और श्रीनगर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर 16 सितंबर को कंडोलिया मंदिर में हवन, पूजा-अर्चना और कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार सेवा संकल्प अभियान को विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला मीडिया प्रभारी संजय बलूनी, जिला उपाध्यक्ष मधु कुकसाल व पूर्णिमा नेगी, क्रांति किशोर नेगी, नरेंद्र प्रसाद टम्टा, नरेंद्र रावत, रमेश मंडरवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवल किशोर, विजयलक्ष्मी कोटवाल, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र नौटियाल, संतोषी रावत, लक्ष्मण दुकलान, रमेश रावत, संतोष चंदोला समेत पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पौड़ी स्वर्गीय जयपाल सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह