एमडीडीए ने अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर कसा शिकंजा, तीन भवन सील

 


देहरादून, 25 जुलाई (हि.स.)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को हरिद्वार बाईपास और डोईवाला क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के बनाए जा रहे तीन व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने कहा कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने हरिद्वार बाईपास स्थित मुस्कान होटल वाली गली में नईम अहमद द्वारा कराए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया। इसके बाद इसी गली में आशिफ के व्यावसायिक निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, डोईवाला के कान्हरवाला-भानियावाला तिराहा पर नेत्रपाल सैनी द्वारा किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को भी सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

प्राधिकरण के अनुसार, क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और बिना अनुमति निर्माण की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। एमडीडीए ने कहा कि अवैध निर्माण मास्टर प्लान, यातायात, जल निकासी, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून का विकास केवल नियोजित और नियमबद्ध तरीके से ही संभव है। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय