एमडीडीए ने सहसपुर और मसूरी में अवैध निर्माण किया ध्वस्त
देहरादून, 16 जून (हि.स.)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को सहसपुर और मसूरी क्षेत्र में व्यापक ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई। प्राधिकरण कहना है कि बिना स्वीकृति किए जाने वाले निर्माण कार्यों और अवैध भूमि विकास को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए की टीम ने सहसपुर क्षेत्र के ग्राम शेरपुर में नए हाईवे के निकट लगभग पांच बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित भू-स्वामियों की ओर से आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त नहीं की गई थीं,जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में शेरपुर स्थित सेटेनियल स्कूल के पीछे नए हाईवे, सेलाकुई क्षेत्र में किए जा रहे एक अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। अभियान में सहायक अभियंता शशांक सक्सेना,अवर अभियंता अमन पाल, सुपरवाइजर सिद्धार्थ सेमवाल और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
वहीं एमडीडीए की दूसरी टीम ने मसूरी रोड स्थित कोलूखेत क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्य पर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और स्वीकृतियों के अनुरूप नहीं पाया गया था। इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक,अवर अभियंता अनुराग नौटियाल तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में सुनियोजित और नियमानुसार विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग भविष्य में नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। इसलिए बिना अनुमति किए जाने वाले निर्माण कार्यों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों और प्लॉटिंग की नियमित निगरानी की जा रही है। जहां भी नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आ रहे हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील की है।
प्राधिकरण ने कहा कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय