हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर गूंजा मजदूर एकता का स्वर

 


हरिद्वार, 01 मई (हि.स.)। हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर चिन्मय डिग्री कॉलेज मैदान में विभिन्न ट्रेड यूनियनों और सामाजिक संगठनों की ओर से संयुक्त रूप से मजदूर सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शिकागो के शहीद मजदूरों की स्मृति में दो मिनट के मौन से हुई।

इंकलाबी मजदूर केन्द्र के जय प्रकाश ने 1886 के ऐतिहासिक आंदोलन को याद करते हुए कहा कि मजदूरों ने संघर्ष के बल पर “8 घंटे काम, 8 घंटे आराम” का अधिकार हासिल किया। संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा के संयोजक गोविन्द सिंह ने मजदूर एकता और संघर्ष की परंपरा को मजबूत करने पर जोर दिया।

सिमेंस वर्कर्स यूनियन के महिपाल ने न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई, जबकि भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष राजकिशोर ने मजदूर आंदोलनों पर हो रहे दमन की आलोचना की। महिला प्रतिनिधि रजनी ने भोजनमाताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उचित वेतन देने की मांग की।

सभा में श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल पुरोहित ने न्यूनतम वेतन संशोधन और डीए जारी होने की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों मजदूर उपस्थित रहे, जिन्होंने श्रमिक अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला