मंथन 2 के 26 के दूसरे दिन नवाचार, तकनीक और उद्यमिता का दिखा उत्साह

 


रुड़की, 09 अक्टूबर (हि.स.)। कोर विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय अंतरविश्वविद्यालयीय तकनीकी एवं प्रबंधन महोत्सव 'मंथन 2के26' के दूसरे दिन शुक्रवार को नवाचार और तकनीकी प्रतिभा का उत्साह देखने को मिला। 8 से 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर से 150 से अधिक टीमें और एक हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

दूसरे दिन की शुरुआत मंथन हैकाथॉन के उद्घाटन के साथ हुई। इसके बाद व्यावसायिक कौशल परखने वाली प्रतियोगिता 'स्ट्रेटेजम' का प्रथम चरण आयोजित हुआ, जिसमें छात्रों ने अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए। दूसरे चरण में उनकी रणनीतिक सोच और निर्णय क्षमता का आकलन किया गया।

'गीगाबिट' प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कोडिंग और केस स्टडी आधारित चुनौतियों में अपनी तकनीकी व विश्लेषणात्मक दक्षता दिखाई। इससे छात्रों को तार्किक सोच और वास्तविक समस्याओं के समाधान का अवसर मिला।

हैकाथॉन में शामिल टीमें अपनी नवाचारी परियोजनाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

शुक्रवार दोपहर तीन बजे से प्रथम चरण का मूल्यांकन शुरू हुआ, जिसमें नवाचार, रचनात्मकता, तकनीकी क्रियान्वयन और व्यावहारिक उपयोगिता के आधार पर प्रोजेक्ट परखे जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार मंथन का उद्देश्य छात्रों में नवाचार, टीमवर्क, समस्या समाधान और उद्यमिता की भावना विकसित करना है। महोत्सव का समापन 10 अक्टूबर को होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला