बूढ़ाकेदार में 8 से 11 दिसम्बर तक आयोजित होगा मंगशीर बग्वाल मेला

 


नई टिहरी, 09 नवंबर (हि.स.)। भिलंगना ब्लॉक के प्रसिद्ध बूढ़ाकेदार धाम मंदिर में 9 से 11 दिसम्बर तक आहूत होने वाले तीन दिवसीय गुरु कैलपीर मंगशीर बग्वाल मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति ने समीक्षा बैठक की। जिसमें मुख्य अतिथि सहित कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

सोमवार को बूढ़ाकेदार में मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी मंगशीर बग्वाल मेले को भव्य एवं व्यवस्थित आयोजित करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मेले में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्य अतिथि आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। जल्द समिति इसका विधिवत निमंत्रण देने के लिए सीएम कार्यालय जाएगी।

बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्था, धार्मिक कार्यक्रमों, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात, सुरक्षा व आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यह मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले के माध्यम से क्षेत्र की लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अध्यक्ष नेगी ने कहा कि मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए सभी क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन विकास को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

बैठक में सचिव धीरेंद्र नौटियाल, कोषाध्यक्ष प्रकाश राणा, प्रधान बचेंद्र सेमवाल, बावन सिंह बिष्ट, अजय प्रभात, सनोप राणा, चंद्रवीर नगवान शामिल थे।

फोटो-09एनटीएच08

घनसाली के बूढ़ाकेदार के कैलापीर मंदिर में बैठक् के दौरान मौजूद समिति के पदाधिकारी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी