अपनी ऊर्जा, ज्ञान, कौशल और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करें युवा

 


नई टिहरी, 19 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत टिहरी नगर में युवा गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें समसामयिक विषयों, भारतीय ज्ञान परंपरा, राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ। युवाओं को अपनी ऊर्जा, ज्ञान, कौशल और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं ने प्रतिभाग करते हुए अपने विचार साझा किए।

पालिका सभागार बौराड़ी में आरएसएस टिहरी नगर की ओर से आयोजित गोष्ठी का मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख तपन कुमार ने शुभारंभ किया। कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति होते हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और ज्ञान को सही दिशा मिले तो वह समाज और देश के विकास में अमूल्य योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमताओं का उपयोग सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में करने का आह्वान किया।

तपन ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारियों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। किसी भी सूचना को तुरंत सही मानने के बजाय उसके स्रोत, तथ्यों और प्रमाणों की जांच-परख करनी चाहिए तथा विचारपूर्वक ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए।

टीएचडीसी हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. शरद कुमार प्रधान ने भारत की महान परंपरा और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवाओं का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है। वर्तमान समय की आवश्यकताओं को देखते हुए 21वीं सदी के कौशल के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊनी लोक संस्कृति, परम्पराओं, सामाजिक जीवन को दर्शाती प्रस्तुति दी। इस मौके पर नगर कारवाह रामानुज बहुगुणा भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी