नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल की तैयारियां तेज, 26 फरवरी से होगा आयोजन
पौड़ी गढ़वाल, 24 फ़रवरी (हि.स.)।जनपद पौड़ी के सतपुली-बिलखेत क्षेत्र में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026 को सफल और यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि तीन दिवसीय इस आयोजन को जनभागीदारी से जोड़ते हुए भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने स्टॉल अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक सीधे पहुंच सके। साथ ही योजनाओं के लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा, जिससे उन्हें कार्यक्रम स्थल पर ही लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि आयोजन के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यटन विभाग को कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग फेस्टिवल में शामिल हो सकें। वहीं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुति सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे आयोजन में स्थानीय संस्कृति की छटा भी देखने को मिले।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बिलखेत विकासखंड कल्जीखाल, एकेश्वर, द्वारीखाल और कोट का केंद्र है, इसलिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र सिंह फोनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह