बच्चों के सर्वांगीण विकास पर 37 शिक्षा बोर्डों का महामंथन, पतंजलि में राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू
हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। बदलते सामाजिक परिवेश, डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव और परिवारों की बदलती संरचना के बीच बच्चों का सामाजिक एवं भावनात्मक विकास शिक्षा जगत के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इसी चुनौती से निपटने और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, मूल्यपरक एवं विद्यार्थी केंद्रित बनाने के उद्देश्य से पतंजलि योगपीठ में देशभर के 37 शिक्षा बोर्डों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ।
पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित सम्मेलन का विषय श्छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियांश् रखा गया है। इसमें देश के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और शिक्षाविदों के साथ नेपाल, भूटान तथा अमेरिका के नॉर्थवेस्ट एक्रेडिटेशन कमीशन (एनडब्ल्यूएसी) के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह, कोब्से अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और सचिव एमसी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कोब्से की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी: धन सिंह
मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड एक आदर्श बोर्ड के रूप में उभरकर सामने आया है। सम्मेलन में तीन दिनों तक होने वाले विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को अमल में लाया जाएगा। उन्होंने देशभर से आए शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों से बोर्डों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, प्रश्नपत्र तैयार करने और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया में सुधार पर जोर दिया। कहा कि आने वाले पांच से दस वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे।
विद्यार्थियों और शिक्षकों की बदलती क्षमताओं को देखते हुए भविष्य में परंपरागत कक्षा व्यवस्था की अवधारणा पर भी नए सिरे से विचार करना होगा। हालांकि विद्यार्थियों के लिए निर्धारित 180 से 220 दिनों की पढ़ाई सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
डिग्री के साथ चरित्र और सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी
स्वामी रामदेवयोगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री और रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें चरित्रवान, अनुशासित और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाला नागरिक बनाना होना चाहिए। शिक्षा में नैतिकता, राष्ट्रभावना और संस्कारों का समावेश जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भारत की समृद्ध गुरुकुल परंपरा और स्वदेशी ज्ञान-विज्ञान को कमजोर किया। भारतीय शिक्षा बोर्ड की परिकल्पना गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इसके माध्यम से आत्मनिर्भर, चरित्रवान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संपन्न और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य पीढ़ी तैयार करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि एकीकृत शिक्षा व्यवस्था का सपना उन्होंने विद्यार्थी जीवन से ही देखा था, जो भारतीय शिक्षा बोर्ड के माध्यम से साकार होता दिखाई दे रहा है।
शुरुआती 14-15 साल व्यक्तित्व निर्माण के लिए निर्णायक: एनपी सिंह
भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह ने कहा कि बच्चे के गर्भ में आने से लेकर सामाजिक जीवन में प्रवेश करने तक का प्रत्येक चरण उसके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण होता है। जीवन के शुरुआती 14 से 15 वर्षों में विकसित होने वाले संस्कार, मूल्य और व्यवहार ही आगे चलकर उसके व्यक्तित्व की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षाविदों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे आने वाली पीढ़ी को कैसा बनाना चाहते हैं। शिक्षा के माध्यम से बच्चों को केवल अकादमिक रूप से सक्षम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, दृढ़ता, सकारात्मक सोच और सामाजिक-भावनात्मक मजबूती भी विकसित करनी होगी।
संयुक्त परिवार संस्कारों और व्यक्तित्व विकास की पाठशाला: आचार्य बालकृष्ण
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि शिक्षा बोर्डों के अधिकारियों और शिक्षाविदों के हाथों में राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने मां को बच्चे का पहला गुरु बताते हुए संयुक्त परिवार को व्यक्तित्व विकास और संस्कारों की मजबूत पाठशाला बताया। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवारों में बच्चे बड़ों के व्यवहार, आपसी संबंधों और पारिवारिक संस्कारों से स्वाभाविक रूप से बहुत कुछ सीखते थे। लेकिन बदलती जीवनशैली के कारण समाज तेजी से एकल परिवारों की ओर बढ़ रहा है। माता-पिता के पास बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताने का अवसर भी कम हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला