लालजीवाला पार्किंग में बसों पर बड़ी कार्रवाई, 20 के चालान, 3 सीज
हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने लालजीवाला पार्किंग में बसों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए अब तक 20 बसों के चालान किए हैं, जबकि तीन बसों को सीज किया गया है। इसके अलावा 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने मंगलवार काे बताया कि अभियान के तहत बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस, आवश्यक दस्तावेजों और परमिट शर्तों की बारीकी से जांच की जा रही है। संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन द्वारा बसों का तकनीकी परीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली खामियों का पता लगाया जा सके।
संयुक्त अभियान में एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन और परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती शामिल रहे।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी है। अधिकारियों के मुताबिक, नियमों की अनदेखी और वाहनों की तकनीकी खामियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिन 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई है, उन पर सक्षम प्राधिकारी के स्तर से नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला