पांच टन का केबल बंडल हाईवे पर गिरा, टला बड़ा हादसा

 


हरिद्वार, 26 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर पीली नदी और छैलपीपली के बीच बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माणाधीन हाथी कॉरिडोर के पास वन-वे मोड में चल रहे यातायात के दौरान एक चलते ट्रॉले से करीब पांच टन वजनी इलेक्ट्रिक केबल का बंडल अचानक लुढ़ककर हाईवे पर जा गिरा। बंडल सड़क के बीचों-बीच गिरने से हाईवे का करीब आधा हिस्सा अवरुद्ध हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।

मौके पर मौजूद ट्रॉला चालक बुट्टी लाल यादव ने बताया कि दो ट्रॉले आगे-पीछे चल रहे थे। दोनों ट्रॉलों में काशीपुर स्थित गुप्ता पावर कंपनी से केबल के बंडल लादकर भगवानपुर, रुड़की और हरिद्वार स्थित गोदामों Jमें ले जाए जा रहे थे। उनके ट्रॉले में पांच-पांच टन वजन वाले पांच बंडल लदे थे।

चालक के मुताबिक उनका ट्रॉला पीछे चल रहा था। इसी दौरान केबल बंडल को ट्रॉले पर सुरक्षित रखने वाली सपोर्ट अचानक टूट गई। सपोर्ट टूटते ही एक बंडल अनियंत्रित होकर लुढ़कता हुआ हाईवे पर जा गिरा। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।

चालक ने बताया कि घटना की सूचना कंपनी और वाहन स्वामी को दे दी गई है। अब क्रेन की मदद से भारी केबल बंडल को सड़क से हटाकर दोबारा ट्रॉले पर लादा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला