आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ाने की उठाई मांग
पौड़ी गढ़वाल, 06 नवंबर (हि.स.)।आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के अधिकारों और मांगों को मजबूती से उठाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकत्री, सहायिका कर्मचारी एकता संगठन उत्तराखंड की प्रदेश एवं ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी का गठन किया गया है। संगठन का मुख्य उद्देश्य कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के लिए एकजुट होकर आवाज उठाना है।
इसी क्रम में संगठन की प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात कर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए जल्द ही सम्मानजनक मानदेय वृद्धि किए जाने की बात कही।
संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मीनाक्षी रावत, महामंत्री विमला गैरोला, कोषाध्यक्ष शशि नेगी और मीडिया प्रभारी सुनीता भट्ट ने कहा कि आंगनवाड़ी बहनें लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रही हैं। ऐसे में उनके योगदान को देखते हुए मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि जरूरी है। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द उनकी मांगों पर निर्णय लेगी।
इस दौरान पौड़ी जिलाध्यक्ष विमला शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रजनी, चमोली से भागा नेगी, जानकी, सरिता व पवित्रा, थलीसैंण ब्लॉक अध्यक्ष सतीश्वरी नेगी, उपाध्यक्ष सुनीता, जहरीखाल ब्लॉक अध्यक्ष दिक्का देवी, रजनी देवी, पूजा देवी, पौड़ी ब्लॉक अध्यक्ष अर्चना, कोषाध्यक्ष कौशल रावत, सचिव शोभा रावत तथा रुद्रप्रयाग से मीनाक्षी राणा, सुशीला शाह, उर्मिला और कमला टम्टा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह