कनखल वैश्य कुमार सभा ने धूमधाम से मनाई महाराजा अग्रसेन जयंती

 


हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कनखल स्थित वैश्य कुमार सभा में रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हवन-पूजन के बाद ध्वजारोहण किया गया। वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन के समाजवाद, समानता और सामाजिक एकजुटता के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विजय बंसल ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया, जबकि अतुल गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। समारोह में पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन समाजवाद के प्रवर्तक और प्रणेता थे। उन्होंने अपने राज्य में आने वाले प्रत्येक नए परिवार को बसाने के लिए एक ईंट और एक रुपये के सहयोग की व्यवस्था की थी। इस व्यवस्था का उद्देश्य नए परिवार को घर बनाने और कारोबार शुरू करने में सहायता देना था। यह परंपरा सामाजिक सहयोग और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष पराग गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने शासन व्यवस्था में बदलाव कर समाजहित को प्राथमिकता दी। उन्होंने कृषि, व्यापार, उद्योग और गौपालन को प्रोत्साहन देने के साथ नैतिक मूल्यों की स्थापना पर जोर दिया। भाजपा नेता विशाल गर्ग ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए सभी से महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों पर चलने की अपील की।

पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने राजनीति में समाज के लोगों की उपेक्षा पर चिंता जताई। सभा के प्रधान गगन गुप्ता मुन्नू ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन रचित अग्रवाल ने किया।

समारोह में सभा के पूर्व अध्यक्ष निश्चल गुप्ता, अरविंद अग्रवाल, कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वरिष्ठ नागरिक समिति के अंबरीश रस्तोगी, हरिद्वार वैश्य समाज के अध्यक्ष श्रवण गुप्ता, महामंत्री सुयश अग्रवाल, राजकुमार गुप्ता भोला, राघव मित्तल, अग्रसेन घाट समिति के अध्यक्ष रामबाबू बंसल, उपाध्यक्ष संजय आर्य व सभा के महामंत्री प्रदीप गुप्ता सहित वैश्य समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला