निरंजनी अखाड़े ने स्वामी गोपालानंद भारती को दी महामंडलेश्वर की उपाधि

 


हरिद्वार, 30 जून (हि.स.)। निरंजनी अखाड़े ने स्वामी गोपालानंद भारती को महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की है। निरंजनी अखाड़े में महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद भारती की अध्यक्षता एवं निंरजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज के संचालन में आयोजित पट्टाभिषेक समारोह में सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूषों ने तिलक चादर विधि के साथ पुष्पवर्षा कर स्वामी गोपालानंद भारती का महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक किया।

महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद महाराज ने कहा कि स्वामी गोपालानंद भारती संत परंपरा और अखाड़ा परपंरा का पालन करते हुए सनातन को आगे बढ़ाएंगे। श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा स्वामी गोपालानंद भारती संत परंपरा के अनुरूप महामंडलेश्वर पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सनातन के प्रचार प्रसार के साथ अखाड़े की उन्नति में भी योगदान करेंगे।

नवनियुक्त महामंडलेश्वर स्वामी गोपालानंद भारती ने सभी संत महापुरूषों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर पद पर आसीन होकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद, महामंडलेश्वर स्वामी रामानुज सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी ज्योर्तिमयानंद ने भी महामंडलेश्वर स्वामी गोपालानंद भारती को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, महंत पूर्णानंद, स्वामी नागेंद्र महाराज, स्वामी आदित्य, स्वामी कृष्ण गिरी, स्वामी गंगा गिरी, स्वामी आत्मानंद सरस्वती सहित बड़ी संख्या में संत महापुरूष और श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला