दून लाइब्रेरी में मधुबनी कला पर कार्यशाला, बच्चों ने सीखी पारंपरिक चित्रकला
देहरादून, 19 मार्च (हि.स.)। दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर के बाल अनुभाग में गुरुवार को मधुबनी कला पर कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें बच्चों को इस पारंपरिक भारतीय कला से परिचित कराया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों के बीच मधुबनी कला को प्रोत्साहित करना और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। मिथिला क्षेत्र से उत्पन्न यह कला अपनी जटिल आकृतियों, गहरी रेखाओं और पौराणिक विषयों के लिए जानी जाती है।
कार्यक्रम का संचालन कलाकार दीपाक्षी गुसाईं ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को मधुबनी चित्रकला की मूल तकनीकें सिखाते हुए सरल उपकरणों की सहायता से पारंपरिक डिज़ाइन और बॉर्डर बनाना बताया।
हिमज्योति स्कूल सहित अन्य विद्यार्थियों और पुस्तकालय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने पूरे सत्र में सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
यह कार्यशाला नि:शुल्क आयोजित की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय