एलटी शिक्षकों की पुनर्निर्धारित अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी, 14 दिन में मांगी आपत्तियां

 

नैनीताल, 15 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊँ मंडल के अपर निदेशक, माध्यमिक शिक्षा कार्यालय ने एलटी (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) संवर्ग के शिक्षकों की वर्ष 1992 से 1996 के बीच हुई मौलिक नियुक्तियों एवं पदोन्नतियों के आधार पर पुनर्निर्धारित अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर दी है।

मंडलीय अपर निदेशक गजेंद्र सिंह सौन ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तराखंड अधीनस्थ शिक्षा (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) सेवा नियमावली, विभिन्न न्यायालयों के निर्णयों तथा शासन के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। सूची में सामान्य एवं महिला दोनों शाखाओं के शिक्षकों को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठता सूची का पुनर्निर्धारण लोक सेवा अधिकरण में विचाराधीन विभिन्न वादों, जिनमें राकेश नेगी एवं अन्य बनाम राज्य, अनीता वर्मा एवं अन्य बनाम राज्य और रूप चंद्र लखेड़ा बनाम राज्य प्रकरणों में पारित आदेशों के आधार पर किया गया है। प्रस्तावित वरिष्ठता सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर शिक्षकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध करा दी गई है।

मंडलीय अपर निदेशक ने कहा कि यदि किसी शिक्षक को प्रस्तावित वरिष्ठता सूची अथवा वरिष्ठता क्रमांक पर कोई आपत्ति है तो वह आवश्यक अभिलेखों एवं साक्ष्यों सहित दो सप्ताह के भीतर अपना प्रत्यावेदन कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित 14 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा और प्रस्तावित सूची को ही अंतिम वरिष्ठता सूची के रूप में अधिसूचित कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी