ऑपरेशन रिकवरी : 10 लाख रुपये कीमत के 52 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर लौटाए

 


हरिद्वार, 26 जुलाई (हि.स.)।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन रिकवरी अभियान के तहत कोतवाली कलियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस ने उत्तराखण्ड व अन्य राज्यों से खोए हुए कुल 52 मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत ₹10 लाख से अधिक है।

रविवार को थाना कलियर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डे ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। जनता ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

एसएसपी भुल्लर ने बताया कि मोबाइल खोने से परेशान लोगों को राहत देने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। फोन बरामदगी के इस कार्य में सीओ सुमित पाण्डे, प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, सीनियर सब इंस्पेक्टर राजेश विष्ट व हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी की भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला