पुलिस की मुस्तैदी से परिजनों से मिला बिछड़ा 11 वर्षीय बालक
हरिद्वार, 06 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ में परिजनों से बिछड़े 11 वर्षीय बालक को हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और सतर्कता का परिचय देते हुए सकुशल उसके परिवार से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-52 केशव आश्रम में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक बालक को अकेले रोते हुए देखा। पुलिस ने तत्काल उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ की। बालक ने अपना नाम ठाकुर सिंह (11 वर्ष) पुत्र प्रताप सिंह, निवासी जाहिदपुर सब्जी मंडी, मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार आया था, लेकिन भीड़भाड़ के दौरान उनसे बिछड़ गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की। लाउडस्पीकर से घोषणा कराने और स्थानीय संपर्कों की मदद से काफी प्रयासों के बाद बालक के परिजनों का पता लगा लिया गया। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उसके पिता और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर उन्होंने पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता, तत्परता और सराहनीय कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला