लोक भवन केवल कार्यस्थल नहीं, एक सशक्त परिवार: राज्यपाल

 


नैनीताल, 24 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि लोक भवन केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि आत्मीयता, विश्वास और साझा दायित्वों से जुड़ा एक सशक्त परिवार है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता में कर्मचारियों के समर्पण के साथ उनके परिवारों का सहयोग, धैर्य और त्याग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्यपाल ने बुधवार को नैनीताल लोक भवन में आयोजित परिवार मिलन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन उत्तराखंड की गौरवशाली विरासत, उत्कृष्ट प्रशासनिक मूल्यों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है तथा इसकी ऐतिहासिक गरिमा, प्राकृतिक सौंदर्य और संस्थागत प्रतिष्ठा को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी लोक भवन में अवस्थापना सुधार, पर्यावरण संरक्षण और विरासत संवर्द्धन से जुड़े अनेक कार्य किए गये हैं। राज्यपाल ने गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता व ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ जैसे कार्यक्रमों के सफल आयोजन में लोक भवन परिवार के सभी सदस्यों के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना तथा यहां के तीर्थस्थल और प्राकृतिक परिवेश जीवन मूल्यों, आत्मबल और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने लोक भवन परिवार के सभी सदस्यों और उनके परिजनों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी