शिक्षा आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना के विकास का सशक्त माध्यम : राजेश सेठी
देहरादून, 09 सितंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर बुधवार को पार्क रोड स्थित स्काई विंग स्कूल में दून खुखरायण बिरादरी और स्काई विंग स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साक्षरता के महत्व के साथ आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी राजेश सेठी ने कहा कि शिक्षा केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है,बल्कि यह व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास का आधार है। शिक्षा के माध्यम से आत्मविश्वास,तार्किक सोच,निर्णय लेने की क्षमता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अपने व्यक्तित्व और अभिव्यक्ति कौशल को निरंतर निखारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक और शिक्षित युवा ही समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में राजेश सेठी, दून खुखरायण बिरादरी के अध्यक्ष चंद्र मोहन आनंद, वरिष्ठ पत्रकार नीरज कोहली, अधिवक्ता मन्नू सभरवाल और समाजसेवी बलदेव प्राशर शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन दून खुखरायण बिरादरी के सचिव एवं स्काई विंग स्कूल के निदेशक अनिल भसीन ने किया। बिरादरी के अध्यक्ष चंद्र मोहन आनंद ने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और बिरादरी के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भूपेंद्र चड्ढा, ओम प्रकाश सूरी, अनिल आनंद, प्रवीण आनंद, गौरव कोहली, राजेश साहनी, योगेंद्र सूरी, एमपी चड्ढा, मुकेश आनंद, कर्नल मंजील सिंह, आरसी सूरी, संजीव आनंद, अशोक सेठी और वीरेंद्र सेठी सहित बिरादरी के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय