थलीसैंण में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान शुरू
पौड़ी गढ़वाल, 18 सितंबर (हि.स.)। नगर पंचायत थलीसैंण में शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ स्वच्छता और जनभागीदारी का संकल्प लेते हुए नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने घरों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने का आह्वान किया।
एसडीएम ने कहा कि अभियान के तहत नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी, ताकि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप ने नगरवासियों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में सभासद दलीप सिंह, विक्रम रावत समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नगरवासी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह