आपत्तिजनक हालत में पत्नी को रिशतेदार के संग देख विवाद, विरोध करने पर पति पर जानलेवा हमला

 

हरिद्वार, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के पथरी थाना क्षेत्र के बुक्कनपुर गांव में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी पत्नी को अपने ही साढ़ू के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। विरोध करने पर पत्नी, साढ़ू और बेटे ने मिलकर उस पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके भाई के घर तक पहुंच गए और वहां भी मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस को दी गई तहरीर में बुक्कनपुर निवासी करनल सिंह पुत्र ऋषिपाल सिंह ने बताया कि 31 जुलाई की रात उसका साढ़ू सुखदेव सिंह उसके घर आया हुआ था। आरोप है कि जब वह कमरे में पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी सरबजीत कौर और साढ़ू को आपत्तिजनक हालत में देखा। इस पर जब उसने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। पत्नी सरबजीत कौर, साढ़ू सुखदेव सिंह और पुत्र गगनदीप सिंह ने एक राय होकर उस पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाते हुए घर से भागा और अपने भाई तथा माता-पिता के घर पहुंचा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पत्नी सरबजीत कौर, साढ़ू सुखदेव सिंह और पुत्र गगनदीप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला