धामी सरकार ने जारी की दायित्वधारियों की नई सूची, कई नेताओं को मिली जिम्मेदारी

 




देहरादून, 03 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बुधवार को दायित्वधारियों की एक और सूची जारी करते हुए विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

जारी सूची के अनुसार कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता जोत सिंह बिष्ट को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग का उपाध्यक्ष बनाया गया है।इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश महामंत्री अनुराधा वालिया को उत्तराखंड माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार के इस निर्णय को संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखण्ड सरकार में विभिन्न दायित्वों पर नियुक्त किए गए पूर्व सैनिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां प्रदान किया जाना उनके अनुभव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है।

मंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उन्हें विभिन्न परिषदों एवं संस्थाओं में दायित्व प्रदान करना राज्य सरकार की सकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने दायित्व प्राप्त करने वाले सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर राज्यहित में उत्कृष्ट कार्य करेंगे।

गोरखा

00000000

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय