अमेरिकन आश्रम के संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय भेजा पत्र

 


हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। जन संघर्ष मोर्चा कार्यालय पर आयोजित बैठक में भूपतवाला स्थित विवादित अमेरिकन आश्रम की कथित खुद-बुर्द और अवैध कब्जे के मामले को लेकर चर्चा की गई। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुलशन खत्री ने कहा कि धर्मनगरी में आए दिन धार्मिक संपत्तियों पर अवैध कब्जों की शिकायतें सामने आती रहती हैं। अब भूमाफियाओं की कथित गिद्ध दृष्टि अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर पड़ने की बात सामने आ रही है, जिसका स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 1 और 2 के पार्षद सुनीता शर्मा एवं आकाश भाटी ने भी मामले का विरोध करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आश्रम के संरक्षण की मांग की है। यह कदम सराहनीय है, लेकिन दुखद है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

गुलशन खत्री ने कहा कि मोर्चा ने पूर्व में ही चेतावनी दी थी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो इसे प्रधानमंत्री कार्यालय तक ले जाया जाएगा। इसी क्रम में बैठक के तुरंत बाद प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई और पत्र सेवा तीर्थ, नई दिल्ली को प्रेषित किया गया।

मोर्चा ने मांग की कि आश्रम की संपत्ति का संरक्षण सुनिश्चित करते हुए उसके संस्थापक द्वारा निर्धारित जनकल्याण के उद्देश्य को पूरा किया जाए। साथ ही भूपतवाला में वर्तमान में एक आश्रम में संचालित राजकीय डिग्री कॉलेज को अमेरिकन आश्रम परिसर में स्थानांतरित कर क्षेत्र के बच्चों को बेहतर उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने तथा शेष संपत्ति को सरकार के संरक्षण में लेने की मांग की गई।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एस.एन. शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राजेश बादल, जिला अध्यक्ष सुंदर उपाध्याय, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंडित नवनीत शर्मा, वरिष्ठ सदस्य सतपाल सिंह, बिजेंद्र शीर्षवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला