सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ गुलदार का शाम को कुत्ते पर हमला
नैनीताल, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के जंगलों से लगे अधिकांश क्षेत्र लंबे समय से वन्य जीवों के खतरे में हैं। ताजा मामला नैनीताल जनपद के रामगढ़ विकासखंड के रूप सिंह धूरा गांव से सामने आया है।
यहां एक कॉटेज के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना में देखा जा रहा है कि शाम को मात्र साढ़े सात बजे ही एक गुलदार कॉटेज के बाहर कुत्ते पर हमला करता है। गनीमत रही कि कॉटेज में मौजूद एक युवक ने कुत्ते के चीखने की आवाज सुन शोर मचाकर गुलदार को भगा दिया। ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के आम लोगों में भी भय का माहौल है।
नैनीताल जनपद के जिला शासकीय अधिवक्ता-फौजदारी सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि यह घटना उनके निवास स्थान हरतोला रामगढ़ के पास की है। इस घटना से ग्राम सभा हरतोला के रूप सिंह धूरा, उलगौर व ढ़हरा के क्षेत्रवासियों को स्कूल के आने जाने वाले बच्चों को काफी खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़कर क्षेत्र को हिंसक वन्य जीव के भय से मुक्त कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी