झाड़ियों में छिपे गुलदार ने बालक पर किया हमला
नई टिहरी, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक की रौणद रमोली पट्टी के भरपूर गांव में रविवार सुबह घर के पास ही एक गुलदार ने 16 वर्षीय बालक पर हमला कर दिया। बालक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया। हमले में घायल बालक को सीएचसी चौंड-लंबगांव में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार भरपूर निवासी नैतिक (16) पुत्र शिव सिंह कूलड़ा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे गाय को जंगल में चुगाने ले जा रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बालक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख गुलदार वहां से भाग खड़ा हुआ।
गुलदार के हमले में नैतिक की पीठ,हाथ और घुटने पर नाखून के निशान आए हैं। चिकित्सकों के अनुसार उसकी चोटें सामान्य हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर वन रेंजर पूजा चौहान टीम के साथ भरपूर गांव पहुंचीं। उन्होंने घायल बालक का हालचाल जाना और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
वन रेंजर ने बताया कि बरसात के मौसम में गांव और जंगल के आसपास झाड़ियां घनी हो जाती हैं, जिससे गुलदारों को छिपने के लिए आसानी से जगह मिल जाती है। घटना के बाद वन विभाग ने भरपूर गांव में गश्त टीम तैनात कर दी है। टीम गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है। वहीं, ग्राम प्रधान आरती देवी ने घायल बालक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने वन विभाग से गांव में लगातार गश्त कराने के साथ गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की भी मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी